शिमला। हिमाचल प्रदेश के अंब-अंदौरा से दिल्ली के लिए देश की चौथी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 अक्तूबर को ऊना रेलवे स्टेशन से भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अंब अंदौरा से दोपहर 1:00 बजे रवाना होगी। वहां से चलकर ट्रेन 21 मिनट में ऊना रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगी। रेलवे स्टेशन पर दो मिनट रुककर 1:23 बजे दिल्ली के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ 3:35 बजे पहुंचेगी। इसे बाद अंबाला में 4:13 बजे यात्रियों को पहुंचाएगी। दिल्ली में यह ट्रेन 6:25 बजे पहुंचेगी। लगभग साढ़े छह घंटे में ट्रेन दिल्ली तक का सफर पूरा करेगी।
दिल्ली से यह ट्रेन सुबह 5:50 बजे अंब के लिए रवाना होगी। अंबाला में सुबह 8:00 बजे पहुंचेगी। सुबह 10:34 बजे पर रेलवे स्टेशन ऊना में होगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद अंब-अंदौरा में 11:05 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन हफ्ते में बुधवार को छोड़कर छह दिन चलेगी। ऊना से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन बड़ी सौगात मानी जा रही है।