हिमाचल ब्रेकिंग, मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सुंदरनगर में मकान में आग लगने से एक व्यक्ति जिंदा जल गया। आग की यह घटना उपमंडल सुंदरनगर की बायला पंचायत के चमुखा गांव में शनिवार शाम को पेश आई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान पवन कुमार (35) पुत्र गंगा राम निवासी चमुखा के रूप में हुई है।
4 साल के बच्चे और पत्नी की बची जान
जिस स्लेटपोश मकान में आग लगी, उसमें 4 साल का बच्चा व मृतक की पत्नी भी रह रही थी। आग लगने के समय बच्चा व उसकी मां नीचे की मंजिल में थे और महिला का पति पवन कुमार मकान की ऊपरी छत पर बने रसोईघर में काम कर रहा था। महिला को पता नहीं था कि उसका पति रसोईघर में काम कर रहा था। मकान में आग लगते ही महिला व उसका 4 साल का बच्चा मकान से बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई, लेकिन महिला का पति आग की चपेट में आ गया।
मकान जलने के बाद मिला शव
मकान आग लगने के बाद स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गया। स्थानीय लोगों ने आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन मकान को जलने से नहीं बचा पाए। सूचना मिलने के बाद बीएसएल सुंदरनगर व मंडी सेदमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग की चपेट में आकर पूरा मकान चल चुका था। फायर बिग्रेड के कर्मचारी जब मकान का निरीक्षण कर रहे थे, तब उन्हें मृतक पवन कुमार का शव मिला। परिवार और गांव वालों को यह भी नहीं पता था कि पवन कुमार आग की चपेट में आ गया है।
मजदूरी कर परिवार का पेट पालता था मृतक
जानकारी के अनुसार मृतक पवन कुमार मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। जिस काम में रह रहा था, वह पुश्तैनी था। प्रशासन ने पटवारी से मामले की रिपोर्ट मांगी है और कहा है कि प्रशासन की तरफ से मृतक के परिवार की हरसंभव सहायता की जाएगी।। पुलिस ने भी मामला दर्ज कर आग के कारणों की जांच आरंभ कर दी है।