15.3 C
New York
Saturday, May 18, 2024

40 साल पहले पिता ने लिखा गीत “बिछोड़ा “, बेटे विक्रांत की आवाज में सुन रही दुनिया

हिमाचल ब्रेकिंग, कांगड़ा। कांगड़ा जिले के नेरटी के गायक विक्रांत भन्द्राल का नया गीत “बिछोड़ा “ सोमवार को रिलीज हुआ है। तीन दिन में 30 हजार के करीब लोग यू-ट्यूब पर इस गीत को सुन चुके हैं। नायक-नायिका की विरह वेदना पर आधारित इस गीत को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं। इस गीत को गायक विक्रांत के पिता राजेंद्र सिंह भन्द्राल ने चालीस साल पहले लिखा था।

विक्रांत कहते हैं कि जब वे चौथी कक्षा में पढ़ते थे तो गीत-संगीत उन्हें अपनी ओर खींचता था। पिता पहाड़ी गीत व कविताएं लिखते थे तो उन्होंने उन्हें प्रोत्साहित किया। नेरटी के ही प्रसिद्ध साहित्यकार गौतम शर्मा “व्यतिथ“ ने भी उनको संगीत के लिए बहुत प्रोत्साहित किया। वे कई संगीत कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं व कई पुरस्कार हासिल कर चुके हैं।

संगीत के लिए मिली स्‍कॉलरशिप
विक्रांत ने एचपीयू से संगीत में एमए किया है। मिनिस्ट्री ऑफ कल्चरल से स्काॅलरशिप हासिल कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि संगीतज्ञ डाॅ. जन्मेजय सिंह गुलेरिया ने उनकी प्रतिभा को पहचाना और प्रेरित किया। उसी का परिणाम है कि वे मिनिस्ट्री ऑफ कल्चरल से संगीत में स्कालरशिप प्राप्त कर सके। संगीत के गुरु पंडित विजय नाथ योगी ने उनके संगीत को निखारा।

गायक विक्रांत भन्द्राल के नए गीत “बिछोड़ा “ का वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें

छिंजोटी गायन में महारत, 100 गीत किए संगीतबद्ध
पहाड़ी संस्कृति को दर्शाने वाले उत्साह और विरह वेदना पर आधारित छिंजोटी गायन को विक्रांत संगीत के माध्यम से उभारने में लगे हैं। छिंजोटी गायन कांगड़ा व चंबा की लोक संस्कृति को दर्शाता है। विक्रांत कहते हैं कि छिंट व मेले में छिंजोटी गीत गाए जाते थे। आज के लोग इस संस्कृति से अनभिज्ञ है। उन्होंने छिंजोटी गायन से संबंधित 100 लोक गीतों को संगीतबद्ध किया है। उनका मकसद छिंजोटी गायन के माध्यम से विलुप्त हो रही संस्कृति से युवाओं को रू-ब-रू करवाना है।

पहाड़ी गांधी बाबा कांशीराम के गीत किए संगीतबद्ध
विक्रांत कहते हैं कि उन्होंने पहाड़ी गांधी कहे जाने वाले बाबा कांशीराम के 20 गीतों को संगीतबद्ध किया है। इन गीतों में धुन बनाने में साहित्यकार दुग्रेश नंदन ने उनका सहयोग किया है। साथ ही साहित्यकार गौतम शर्मा “व्यतिथ“ का होली पर एक गीत “बिछोड़ा“ गीत से पहले रिलीज हो चुका है। इसके अलावा कई भक्ति गीत उन्होंने संगीतबद्ध किए हैं व कई रिलीज हो चुके हैं।

Related Articles

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

22,878FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
www.classicshop.club

Latest Articles