मुजफ्फरपुर। रिश्तेदारों के घर गई लड़की के साथ पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और इसका पूरा वीडियो भी बना लिया। युवकों ने दुष्कर्म के वीडियो को वायरल भी कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की और दुष्कर्म की घटना का पता चला। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है और चार युवक फरार हैं, जिनकी तलाश चल रही है।
मामला बिहार के मुजफ्फरपुर का है। जानकारी के मुताबिक हथौड़ी थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी पड़ोस के ही एक गांव में अपनी मौसी के घर गई थी। 29 मार्च की दोपहर के समय किशोरी घाट काटने के लिए खेत में चली गई। इसी दौरान गांव के पांच युवक वहां आ पहुंचे और किशोरी को पकड़कर मक्के के खेत में ले गए। मक्के के खेत में पांचों आरोपियों ने किशोरी के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। युवकों के दुष्कर्म करते समय वीडियो भी बना लिया।
चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन किसी ने नहीं सुनी
पीड़ित किशोरी ने महिला थाने में दिए गए बयान में बताया कि पांचों युवक गन्ने के खेत में उसके साथ दुष्कर्म किया और पूरी घटना का वीडियो भी बनाकर वायरल कर दिया। वह मदद के चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन सभी आरोपी उसके साथ बलात्कार करने का वीडियो बनाते रहे । इसके बाद आरोपियों ने धमकी दी कि अगर दुष्कर्म के बारे में किसी को बताया तो जान से मार डालेंगे। इसके बाद युवक फरार हो गए।
वीडियो वायरल होने के बाद हुआ खुलासा
दुष्कर्म करने वाले युवकों की धमकी मिलने के बाद किशोरी ने दुष्कर्म के बारे में किसी को नहीं बताया। युवकों ने किशोरी को बुरी तरह डरा दिया था, जिस वजह से किशोरी चुप रही। इसके बाद युवकों ने दुष्कर्म के वीडियो को वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की जानकरी पुलिस के पास पहुंची तो छानबीन शुरू हुई। पुलिस ने वीडियो के आधार पर एक युवक को गिरफ्तार किया। जिसके बाद किशोरी से दुष्कर्म का खुलासा हुआ। पुलिस ने पीडि़ता के बयान पर महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
कोर्ट ने एक आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा
वीडियो वायरल के बाद पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अर्जून सहनी के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पीडि़ता का सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया गया है।